दमन में सड़क हादसे में 6 दिन के नवजात की दर्दनाक मौत
दमन/कचीगाम :

संघ प्रदेश दमन से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घर पहुँचने से पहले ही 6 दिन के नवजात बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और इलाके में गमगीन माहौल फैल गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दमन के कचीगाम क्षेत्र में रहने वाले एक श्रमिक उत्तम पासवान की 25 वर्षीय पत्नी सुमिता को 6 दिन पहले प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। आवश्यक चिकित्सीय देखभाल के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वह अपने नवजात शिशु, अपनी छोटी बहन तथा एक अन्य बच्चे के साथ रिक्शा में घर लौट रही थी।

जैसे ही रिक्शा दमन के बड़े पुल के पास पहुँचा, चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया और रिक्शा तेज़ी से सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां की गोद में बैठा 6 दिन का नवजात उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

इस दुर्घटना में मां, उसकी छोटी बहन और एक अन्य बच्चा मामूली रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमन कोस्टल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस दुखद हादसे के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ ही पल पहले खुशियों का माहौल था, वहाँ अब मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों पर सख्ती बढ़ाई जाए।






